
बरेली। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के साथ नकटिया नदी के पुनर्जीवन की दिशा में बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड 21 अगस्त को महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से शुक्रवार को प्रातः 9 बजे विशेष वृक्षारोपण एवं नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना की उपस्थिति प्रस्तावित है।
अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर पौधरोपण के साथ नकटिया नदी को स्वच्छ एवं जीवंत बनाने से जुड़ी प्रस्तावित योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। नदी की स्वच्छता, तटवर्ती क्षेत्रों में हरित पट्टी का विकास, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा नदी की पारिस्थितिकी के पुनर्स्थापन को अभियान का प्रमुख केंद्र बनाया गया है।
कैंटोनमेंट बोर्ड की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संरक्षण और जैव-विविधता संवर्धन को एक साथ जोड़ते हुए बरेली कैंटोनमेंट क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
CEO डॉ. तनु जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाकर उनकी संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी पर्यावरणीय संसाधनों का निर्माण करना है, जो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर जल पारिस्थितिकी और समृद्ध जैव-विविधता उपलब्ध करा सकें।