आसमान से बरसे फूल, गूंजा ‘हर-हर महादेव’—हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों व भक्तों पर पुष्पवर्षा

बरेली। सावन के आज तीसरे सोमवार पर कांवड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आई। शिवभक्तों के भव्य स्वागत के लिए प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्ग और शहर के सातों नाथ मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया।


विशेष पुष्पवर्षा कार्यक्रम में डीआईजी अजय कुमार साहनी और मंडलायुक्त शम्भू कुमार हेलीकॉप्टर से मौजूद रहे। सुबह पुलिस लाइन से उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर ने निर्धारित कांवड़ मार्ग और सातों नाथ मंदिरों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर चल रहे कांवड़ियों और शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
इसके बाद दूसरे राउंड में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य भी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों व श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करते नजर आए। आसमान से फूलों की बारिश होते ही कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया और पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा।
सातों नाथ मंदिरों पर भी बरसे फूल
सावन के तीसरे सोमवार पर शहर के सातों नाथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों के ऊपर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। शिवालयों से लेकर कांवड़ मार्ग तक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
पुष्पवर्षा के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर
हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का हवाई जायजा लेते हुए अधिकारियों ने भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी। पुलिस-प्रशासन की टीमें लगातार कांवड़ियों की सुविधा, सुगम यातायात, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में जुटी रहीं।
फूलों की बारिश से कांवड़ियों में दिखा जोश
आसमान से फूल बरसते देख कांवड़ियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। प्रशासन की ओर से की गई पुष्पवर्षा आस्था, सम्मान और स्वागत का संदेश देती नजर आई। बरेली की सड़कों पर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों ने सावन के तीसरे सोमवार को यादगार बना दिया।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks