
बरेली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान के बाद राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मान चिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने वालों में सीओ एलआईयू विजय कुमार राना, सहायक रेडियो अधिकारी (सेवानिवृत्त) प्रदीप कुमार तथा उपनिरीक्षक श्याम सिंह शामिल रहे। वहीं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह पाने वालों में हारून खां, बिजेन्द्र सिंह, अनिता देवी, अर्जुन सिंह और अजयपाल सिंह शामिल रहे।
पुलिस सेवा में सराहनीय योगदान के लिए पुलिस महानिदेशक के प्रशंसा चिन्ह से निरीक्षक संजय कुमार को स्वर्ण पदक तथा निरीक्षक सुनील कुमार शर्मा एवं मुख्य आरक्षी राहुल कुमार को रजत पदक प्रदान किया गया।
त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों में सकारात्मक सहयोग देने वाले सम्भ्रांत नागरिकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बेहतर रिस्पॉन्स टाइम और उत्कृष्ट कार्य के लिए यूपी-112 के 11 पुलिसकर्मियों को मुख्यालय द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र एसएसपी ने प्रदान किए।
कार्यक्रम के बाद पुलिस मॉडर्न स्कूल में भी एसएसपी अनुराग आर्य ने तिरंगा फहराया। यहां मिष्ठान वितरण के साथ पौधारोपण किया गया। बरेली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।