
बरेली । मंडलायुक्त शम्भु कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त सभागार में अगस्त माह की विकास कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मंडल के विभिन्न जनपदों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और सभी लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने तथा पंजीकरण के बाद विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इसकी लगातार मॉनिटरिंग करने और जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में माह में एक बार समीक्षा बैठक कराने को भी कहा।
बरेली और शाहजहांपुर में डीएपी खाद की कम उपलब्धता पर भी मंडलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित जिला कृषि अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने तथा सभी समितियों पर खाद की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा कि खाद को लेकर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खेत तालाब योजना में सभी जनपदों को आवंटित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा एकीकृत बागवानी विकास योजना में अधिक से अधिक लाभार्थियों का पंजीकरण कर विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए।
मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा में तालाबों का पट्टा न होने की जानकारी पर मंडलायुक्त ने अधिक से अधिक तालाबों का पट्टा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में बदायूं की धीमी प्रगति पर समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए। वहीं किसान क्रेडिट कार्ड में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संयुक्त विकास आयुक्त को लीड बैंक मैनेजरों से समन्वय कर कार्रवाई कराने को कहा।
गन्ना मूल्य भुगतान में देरी पर भी मंडलायुक्त सख्त नजर आए। बहेड़ी एवं नवाबगंज चीनी मिल की प्रगति पीछे पाए जाने पर उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी के प्रति नाराजगी जताते हुए किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त देवेंद्र प्रताप, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी सहित मंडल स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।