
बरेली। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जुलाई 2026 की जारी सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया है। विकास एवं राजस्व कार्यक्रमों की संयुक्त रैंकिंग में बरेली का टॉप-3 में शामिल होना जिले के बेहतर प्रशासनिक प्रदर्शन को दर्शाता है।
सीएम डैशबोर्ड पोर्टल के माध्यम से प्रदेश में संचालित विकास कार्यों, सेवाओं, योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति का प्रत्येक माह मूल्यांकन, अनुश्रवण एवं समीक्षा की जाती है। जुलाई माह की रैंकिंग में विकास कार्यक्रमों में बरेली को प्रदेश में चौथा स्थान, जबकि राजस्व कार्यक्रमों में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। दोनों क्षेत्रों की संयुक्त रैंकिंग में बरेली ने प्रदेश में ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि का श्रेय जिलाधिकारी अविनाश सिंह के कुशल नेतृत्व, निरंतर समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग को दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा विभागीय अधिकारियों को योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की प्रगति में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है कि बरेली के कार्य प्रदर्शन में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है और जुलाई माह की ओवरऑल रैंकिंग में जनपद ने प्रदेश के टॉप-3 जिलों में स्थान बनाया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास एवं राजस्व कार्यक्रमों की प्रगति की यही रफ्तार आगे भी कायम रहे और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पहुंचाया जाए।