
बरेली। अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आंवला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामवाटिका कॉलोनी में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2 लाख 54 हजार रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 09/10 अगस्त की देर रात थाना आंवला पुलिस प्रभावी चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली, जिसके आधार पर रामवाटिका कॉलोनी में आटा चक्की के पीछे बने एक घर में दबिश दी गई। यहां 13 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आकाश उर्फ करू, किशोर, अनीत कुमार सिंह उर्फ लालू, शिवम पाठक, मुखबीर, शारिक अली, मोहम्मद आसिफ, सुरजीत, तहजीबुल इस्लाम, मनोज, हाशिम, विवेक कुमार और उमर शामिल हैं। सभी आरोपी जनपद बदायूं के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 2,54,000 रुपये नकद बरामद किए। मामले में थाना आंवला पर मु0अ0सं0 421/2026, धारा 3/4/6 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ, सुरजीत, तहजीबुल और मनोज का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। तहजीबुल के खिलाफ पूर्व में जुआ अधिनियम के मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख प्रेस नोट में किया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन शर्मा, उपनिरीक्षक राजेश रावत, हेड कांस्टेबल जफरउद्दीन, हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह, कांस्टेबल पवन कुमार और रिजर्व कांस्टेबल उज्जवल शामिल रहे।