
बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रियों की सेवा और भगवान शिव की भक्ति को समर्पित तहसील आंवला के भमौरा में स्थापित कांवड़ शिविर में रविवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा पंडाल भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर हो गया। सैकड़ों की संख्या में शिवभक्तों और कांवड़ियों ने कार्यक्रम में शामिल होकर भजनों का आनंद लिया और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
कार्यक्रम में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा जिलाधिकारी अविनाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र पूरन लाल लोधी, जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी आंवला सुशील कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं तहसील प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
भगवान शिव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर हुआ शुभारंभ
भजन संध्या का शुभारंभ शाम करीब 6 बजे भगवान शंकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद जैसे ही भजनों की मधुर धुनें गूंजीं, पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। शिवभक्त भजनों पर झूमते नजर आए और वातावरण लगातार हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
कांवड़ियों की सेवा के लिए पुख्ता इंतजाम
जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए शिविर में व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शाम को प्रसिद्ध भजन गायकों ने शिव भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कांवड़ियों के लिए दोपहर एवं रात्रि भोजन की व्यवस्था की गई।
पुरुष एवं महिला कांवड़ियों के लिए अलग-अलग सेनेटाइज्ड विश्राम स्थल बनाए गए। शिविर में स्वच्छ पेयजल, स्नान की सुविधा, मोबाइल शौचालय और विशाल चिकित्सा शिविर की व्यवस्था रही, जहां डॉक्टरों की टीम तैनात रही।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों के साथ स्वयंसेवकों ने भी कांवड़ यात्रियों की सहायता की। वाहनों के लिए निशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा पवित्र कांवड़ जल रखने के लिए अलग स्थान, सहायता केंद्र तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार आवश्यक उद्घोषणाएं की जाती रहीं।
“कांवड़ यात्रियों की सेवा हमारी प्राथमिकता”
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा और उनकी सुविधा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भजन संध्या के दौरान उमड़ा शिवभक्तों का उत्साह और गूंजते भोले के जयकारे देर शाम तक माहौल को भक्तिमय बनाए रहे।
