
बरेली । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं ज्ञानदीप सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में अलखनाथ मंदिर प्रांगण में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं जरूरत के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक और सशक्त बनाना रहा।
शिविर में अधिकार मित्र सपना द्विवेदी एवं वंदना सिंह ने उपस्थित लोगों को एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए महत्वपूर्ण टोल-फ्री नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों को 1090, 1098, 181, 1076, 112 तथा नालसा हेल्पलाइन 15100 के उपयोग और इनसे मिलने वाली सहायता के बारे में बताया गया।
शिविर में लोक अदालत के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर सरल एवं त्वरित समाधान कराया जा सकता है।
इस अवसर पर ज्ञानदीप सेवा समिति की अध्यक्ष कमलजीत कौर मधु एवं कुमकुम शर्मा ने भी लोगों को विभिन्न सामाजिक, कानूनी एवं जनकल्याणकारी विषयों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में अधिकार मित्र सपना द्विवेदी, वंदना सिंह, कुमकुम शर्मा, कमलजीत कौर मधु सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि कानून की जानकारी ही अधिकारों की पहली ताकत है और जागरूक नागरिक ही अपने अधिकारों की बेहतर तरीके से रक्षा कर सकता है।