
बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मादक पदार्थ तस्कर को 2 किलो 900 ग्राम डोडा छिलका और 800 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बरामद डोडा छिलका को उत्तराखंड में सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस टीम 07 अगस्त को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग तथा गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम अंगूरी मार्ग से आरोपी नरेश पाल पुत्र स्व. हेतराम, निवासी ग्राम चकरपुर, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जनपद बरेली, उम्र करीब 45 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2 किलो 900 ग्राम डोडा छिलका तथा 800 रुपये नकद बरामद हुए।
मामले में थाना सुभाषनगर पर मु0अ0सं0 543/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत मारपीट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह डोडा छिलका लेकर उत्तराखंड में सप्लाई करने जा रहा था, इसी दौरान पुलिस ने उसे मादक पदार्थ सहित दबोच लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक प्रसून कुमार तथा कांस्टेबल आकाश राणा शामिल रहे।