
बरेली युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विकास भवन सभागार में आयोजित माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक में सघन पंजीकरण अभियान का पोस्टर लॉन्च किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई।
जिला विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को माय भारत अभियान से जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग को 8 हजार, उच्च शिक्षा विभाग को 7 हजार, पंचायती राज विभाग को 6,500, चिकित्सा विभाग को 3,500 सहित विभिन्न विभागों को अलग-अलग पंजीकरण लक्ष्य दिए गए हैं। युवाओं को क्यूआर कोड और ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आसानी से पंजीकरण कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय के निकट माय भारत का कार्यालय उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा जाएगा, ताकि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। पर्यटन विभाग, जिला उद्योग केंद्र और सूचना विभाग को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 तथा नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान की शपथ दिलाई गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया ।