किशोर कुमार की जयंती पर सजे सुरों के रंग, गीतों से गूंजा पवन विहार

बरेली। महान पार्श्व गायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर हमारा सुर संसार ग्रुप की ओर से पवन विहार स्थित ग्रुप के मीडिया प्रभारी विजय शर्मा के निवास पर एक संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीत प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेशनल हाईवे के जनरल मैनेजर नरेश कौशिक शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर शेर सिंह थापा रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
मुख्य अतिथि नरेश कौशिक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किशोर कुमार केवल एक गायक नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म संगीत की अमूल्य धरोहर थे। उनकी आवाज़ में ऐसी मिठास और विविधता थी जो हर पीढ़ी के दिलों को आज भी जोड़ती है। उनके गीत जीवन के हर रंग और हर भावना को सहजता से अभिव्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर शेर सिंह थापा ने कहा कि संगीत समाज में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। किशोर कुमार के गीत आज भी लोगों के दिलों पर राज करते हैं और उनकी लोकप्रियता समय के साथ और अधिक बढ़ती जा रही है। उन्होंने हमारा सुर संसार ग्रुप के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में कला और संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं।
संगीत संध्या की शुरुआत ग्रुप के मीडिया प्रभारी विजय शर्मा ने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत “चला जाता हूं किसी की धुन में, धड़कते दिल के तराने लिए” प्रस्तुत कर की। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित श्रोताओं ने खूब तालियां बजाईं।
इसके बाद अजय अरोड़ा ने “आदमी जो कहता है”, मनोज उपाध्याय ने “तुमसे बढ़कर दुनिया में”, राज चावला ने “पल पल दिल के पास”, हरीश गोस्वामी ने “छोटी सी ये दुनिया”, बेबी शर्मा ने “तेरे चेहरे में वो जादू है”, मीना अरोड़ा ने “हमें और जीने की चाहत ना होती”, डॉ. अंजु उपाध्याय ने “रात कली एक ख्वाब में आई” तथा प्रतीक शर्मा ने “खइके पान बनारस वाला” गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों को श्रोताओं ने भरपूर सराहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी संगीत प्रेमियों ने किशोर कुमार के व्यक्तित्व और उनके अमर गीतों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देर शाम तक चले इस संगीतमय आयोजन में एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने माहौल को यादगार बना दिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks