
बरेली। विधान परिषद में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के अधिकृत प्रत्याशी डॉक्टर सुनीत गिरी ने सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों के साथ बरेली नगर के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर जनसंपर्क किया तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं से आगामी शिक्षक विधायक निर्वाचन में समर्थन देने की अपील की।
डॉ. गिरी ने कहा कि शिक्षक समाज के हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली, सभी वर्गों के शिक्षकों की सेवा सुरक्षा तथा वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को पूर्ण वेतन दिलाने के लिए वे विधान परिषद में पूरी मजबूती से संघर्ष करेंगे। उन्होंने सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के हित में धारा-21 की पुनर्बहाली तथा वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सम्मानजनक सेवा शर्तें सुनिश्चित कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि संविधान में शिक्षक विधायक की व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि शिक्षकों की वास्तविक समस्याएँ और अपेक्षाएँ प्रभावी ढंग से विधान परिषद तक पहुँच सकें। शिक्षक ही शिक्षक समाज की आवश्यकताओं, चुनौतियों और दायित्वों को बेहतर ढंग से समझ सकता है। इसलिए शिक्षक विधायक ऐसा होना चाहिए जो राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर केवल शिक्षक समाज के हितों का प्रतिनिधित्व करे।
उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से आह्वान किया कि वे जाति धर्म से परे जाकर शिक्षक हितों को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं और एक ऐसे प्रतिनिधि का चयन करें जो सदन में शिक्षक समाज की प्रभावी आवाज़ बन सके।
इस अवसर पर संगठन के मंडलीय मंत्री डॉ. नरेश सिंह, जिला अध्यक्ष नवनीत कुमार शर्मा, जिला मंत्री मुन्नेश कुमार अग्निहोत्री, कोषाध्यक्ष रामानंद कोली, उपाध्यक्ष मुकुल मोहन त्रिपाठी, विनोद तिवारी एवं शेर सिंह, संयुक्त मंत्री आसिफ अली, सुमित अग्रवाल, सोमदेव गुर्जर, हरिओम तथा गुरुदेव मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं से डॉ. सुनीत गिरी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।