
बरेली । भोजीपुरा पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 620 फीट चोरी का विद्युत तार, चोरी में इस्तेमाल किया गया छोटा पिकअप वाहन, 9,700 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
भोजीपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो आरोपी चोरी किए गए बिजली के तार लेकर छोटे पिकअप वाहन से हल्द्वानी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नैनीताल हाईवे स्थित अटापट्टी जनूबी मोड़ पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान करीब 620 फीट चोरी का बिजली का तार, 9,700 रुपये नकद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त छोटा पिकअप वाहन बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग स्थानों से बिजली के तार चोरी करते थे। पहले भी कई तार बेच चुके थे और बचे हुए तारों को बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे। इससे पहले ही भोजीपुरा पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।