
बरेली जनपद बरेली के ग्राम चावड़ की हकीकत और तस्वीरें कुछ और ही बयां कर रही है। गांव का मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिनमें लगातार जलभराव रहने से लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाने का डर बना राहत हैं ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव का मुख्य मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग और स्कूली छात्र-छात्राएं गुजरते हैं। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर जाती है। कई स्थानों पर यह पहचानना भी मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। मजबूरन लोग पानी और कीचड़ से होकर निकलने को विवश हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर लंबे समय से जलभराव बना रहने के कारण आसपास गंदगी फैल गई है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार दोपहिया वाहन चालक भी गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से कहां है लेकिन आज तक कोई सुधार नहीं हुआ केवल आश्वासन दे दिया जाता है जबकि सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
गांव के लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग का जल्द से जल्द मरम्मत व नालियों का निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए। उनका कहना है कि विकास योजनाओं का लाभ गांव तक तभी पहुंचेगा, जब मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी। फिलहाल ग्राम चावड़ का यह मुख्य मार्ग विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है अब देखना होगा कि ग्राम प्रधान ग्रामीणों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान कब तक कर पाता है।