
बरेली। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए नवाबगंज उप मंडी परिसर में बनाए गए ‘कांवड़ विलेज’ का शुक्रवार को विधायक डॉ. एम.पी. आर्य और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
डीएम ने बताया कि कांवड़ विलेज में विश्राम गृह, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, फलाहार, भंडारा, सेल्फी प्वाइंट, पुष्प वर्षा द्वार समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने डेलापीर मंडी स्थित बाबा गोपेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया तथा शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनकल्याण और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।