
बरेली । गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के माहौल में मनाया गया। हरुनगला रोड स्थित बीइंग स्प्रिचुअल फाउंडेशन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु डॉ. धर्मेंद्र कुमार का फूल मालाओं से भव्य सम्मान किया गया। मीडिया प्रभारी आशीष जौहरी सहित सभी सदस्यों ने गुरु वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की आराधना से हुई। इसके बाद आशीष जौहरी और सौरभ सिंह चौहान ने माल्यार्पण एवं चरण स्पर्श कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि गुरु पूर्णिमा महर्षि वेदव्यास को समर्पित ज्ञान, संस्कार और आत्मिक जागरण का पर्व है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देता है और सभी को सत्य, सेवा तथा आध्यात्मिक मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना भी की।
कार्यक्रम में मयंक गुप्ता, अभय गुप्ता, सुरजीत सिंह, रजनीश कुमार समेत फाउंडेशन के अनेक सदस्य मौजूद रहे। श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत इस आयोजन ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।