
बरेली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो पुलिसकर्मियों का कुछ लोगों के साथ शराब का सेवन करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एस एसपी अनुराग आर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कराई गई, जिसमें वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों की पहचान डायल-112 की पीआरवी-5499 पर तैनात हेड कांस्टेबल पन्नूलाल और होमगार्ड फूलचन्द्र के रूप में हुई।
जांच में खुलासा हुआ कि यह वीडियो 26 मार्च 2025 का है, जब दोनों पुलिसकर्मी थाना सीबीगंज क्षेत्र के परसाखेड़ा चौकी के पास स्थित एक फैक्ट्री कार्यालय में फतेहगंज पश्चिमी निवासी आकाश गंगवार की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। उसी दौरान यह वीडियो बनाया गया, जिसे अब 28 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
प्रथम दृष्टया दोनों का आचरण विभागीय अनुशासन के विपरीत पाए जाने पर पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल पन्नूलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। वहीं होमगार्ड फूलचन्द्र के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट, होमगार्ड को पत्र भेज दिया गया है।