
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त खाद्य-2 के निर्देशानुसार तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग बरेली द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की 5 टीमों में शामिल 12 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। टीमों द्वारा रामगंगा पुल से पहले, सुभाष नगर, लाल फाटक से बैरियर-2 तक, सेटेलाइट क्षेत्र, झुमका तिराहा से सीबीगंज तथा बदायूं रोड सहित विभिन्न मार्गों पर स्थित ढाबों, होटल, रेस्टोरेंट, ठेले, रेहड़ी एवं फल विक्रेताओं की जांच की गई।
अभियान के दौरान मंगलवार को 168 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जबकि अब तक कुल 857 प्रतिष्ठानों पर ग्राहक संतुष्टि फीडबैक (Food Safety Connect App) की जानकारी प्रदर्शित कराई जा चुकी है। इन स्थानों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आमजन खाद्य प्रतिष्ठान से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सैनिटेशन एवं हाइजीन के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों में अनावश्यक रंगों के प्रयोग, खुले मसालों के इस्तेमाल तथा अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री रखने से बचने की हिदायत दी गई। साथ ही ताजे फलों का प्रयोग करने, ताजा भोजन तैयार कर परोसने और कटे-फटे व सड़े हुए फलों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिलावटखोरी एवं अस्वच्छ खाद्य बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।