युवती की मौत होने से फरार झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार , बिना लाइसेंस चला रहा था क्लीनिक

बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने 17 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के आयुर्वेदिक क्लीनिक संचालित कर मरीजों का इलाज कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2025 को फतेहगंज पश्चिमी निवासी दिनेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बहन विनिता को बुखार और पेट दर्द होने पर आरोपी तसलीम ने दवा दी थी। दवा खाने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में थाना फतेहगंज पश्चिमी में धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को भिटौरा फाटक के पास से आरोपी मोहम्मद तसलीम निवासी ग्राम आसपुर खेड़ा, थाना देवरनियां को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिना लाइसेंस आयुर्वेदिक क्लीनिक चला रहा था और उसने युवती का प्राथमिक उपचार किया था। बाद में उसे युवती की मौत और अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विक्की सिंह तथा कांस्टेबल शिवा पुंडीर शामिल रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks