
बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी बरेली तथा सहायक आयुक्त खाद्य राहुल सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को कांवड़ मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया।
विभाग की पांच टीमों ने ढाबों, होटल, रेस्टोरेंट, ठेलों, रेहड़ी-पटरी और फल विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया। सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित कराए गए। साथ ही फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का क्यूआर कोड भी लगाया गया, ताकि कोई भी शिवभक्त या उपभोक्ता शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचा सके और निकटतम टीम तत्काल कार्रवाई कर सके।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए। खुले मसालों और कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल पर रोक लगाने, ताजा भोजन और ताजे फलों-सब्जियों का ही उपयोग करने तथा बासी भोजन न परोसने के निर्देश दिए गए। कटे और सड़े-गले फलों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आम लोगों को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों, रंग मिले खाद्य पदार्थों और कटे हुए फलों के सेवन से बचने के लिए जागरूक किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।