
बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी में बिथरी चैनपुर पुलिस को सफलता हाथ लगी । प्रभारी निरीक्षक राजेश बाबू मिश्रा के नेतृत्व में 14.8 किलोग्राम अवैध डोडा के साथ एक शातिर गौकश और हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर बरेली-शाहजहांपुर हाईवे के पास घेराबंदी कर इरफान उर्फ भरा निवासी पदारथपुर को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.8 किलो अवैध डोडा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध डोडा की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाता था। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर एनडीपीएस, गैंगस्टर, गोवध, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।