
बरेली: इज्जतनगर थाना पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भी दबोच लिया गया। दोनों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक और कुछ दिन पहले लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद हुआ। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक सैदपुर चुन्नीलाल रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। भागने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया, जिसकी गोली उपनिरीक्षक मोहित कुमार के सिर के बेहद करीब से निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जतीन नामक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी शिव भी पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 11 जुलाई को नैनीताल रोड पर एक महिला से सोने का मंगलसूत्र लूटा था। बरामद मंगलसूत्र की पीड़िता ने भी दोनों की पहचान कर ली। घायल बदमाश का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।