
बरेली । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आज शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिफाइंड ऑयल गोदाम पर छापा मारा है। जांच के दौरान लाइसेंस और लेबलिंग में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर लाखों रुपये का स्टॉक सीज कर दिया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर, सहायक आयुक्त (खाद्य) राहुल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मठ की चौकी के पास स्थित गोयल फूड्स के गोदाम का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान जीएसटी विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
जांच में सामने आया कि गोयल फूड्स का खाद्य लाइसेंस ब्रह्मपुरा, प्रेमनगर स्थित पते पर बना हुआ है, जबकि वर्तमान में वहां कोई कार्य नहीं हो रहा था। री-पैकिंग का काम मठ की चौकी स्थित गोदाम में संचालित पाया गया, जिसके लिए वैध फूड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
निरीक्षण के दौरान चारमीनार, न्यूट्री गोल्ड और विता गोल्ड ब्रांड के रिफाइंड सोयाबीन तेल के टीनों में से प्रत्येक ब्रांड का एक-एक नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं 249 टीनों पर निर्माता का पूरा पता और बैच नंबर अंकित नहीं मिला। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने सभी 249 टीन सीज कर दिए।

सीज किए गए रिफाइंड ऑयल की कुल मात्रा 3,729 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 5 लाख 59 हजार 350 रुपये बताई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला की विश्लेषण रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान और जितेंद्र कुमार भी शामिल रहे।