
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र की रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने ही बेटे और बहू पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आपको बताते चलें कि थाना बारादरी क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर के गोपालनगर निवासी सोनिया मसीह का कहना है कि उनके पति संदीप मसीह की करीब छह महीने पहले हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। पति के निधन के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रही हैं।
पीड़िता के अनुसार, उनका बड़ा बेटा फ्रांसिस ईनीस उर्फ बाबू और बहू शिल्पी ईनीस आए दिन उनके साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट करते हैं। उनका आरोप है कि दोनों उन्हें मकान से बेदखल कर कब्जा करना चाहते हैं।
महिला ने बताया कि 3 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे बेटा और बहू बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकलीं।

पीड़िता का कहना है कि वह पहले भी कई बार चौकी मॉडल टाउन और थाना बारादरी पुलिस को लिखित शिकायत दे चुकी हैं, लेकिन पुलिस इस मामले को पारिवारिक विवाद बताकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
महिला ने आशंका जताई है कि मकान पर कब्जा करने की नीयत से बेटा-बहू भविष्य में उनके साथ कोई गंभीर अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।