
बरेली । दिनांक 2 से 4 जुलाई तक आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक हर पहलू पर विशेष नजर रखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित TET-2026 परीक्षा जनपद बरेली के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 37,710 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत 51 उपनिरीक्षक, 102 मुख्य आरक्षी/आरक्षी तथा 68 महिला पुलिसकर्मियों सहित कुल 221 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

इसी क्रम में पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहे, अभ्यर्थियों को बिना किसी परेशानी के समय पर प्रवेश मिले और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल कराने की कोशिश, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।