
बरेली। केंद्रीय कारागार बरेली के कृषि फार्म से फरार हुए सिद्धदोष बंदी दिनेश पुत्र अरविंद निवासी नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली जनपद अमरोहा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने फरार बंदी की सूचना देने या गिरफ्तार कराने में मदद करने वाले के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
22 जून 2026 को सुबह करीब 8 बजे केंद्रीय कारागार बरेली के कृषि फार्म में 45 अन्य बंदियों के साथ दिनेश को पुलिस अभिरक्षा में कृषि कार्य के लिए भेजा गया था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।
फरार बंदी दिनेश पॉक्सो एक्ट के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। मामले में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया है और लगातार तलाश व दबिश की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फरार बंदी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने वाले की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।