
बरेली। थाना नवाबगंज के सामने रामलीला ग्राउंड स्थित शाहजी मोटर वर्कशॉप में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन नवाबगंज की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया।
फायर स्टेशन नवाबगंज को रात 11:30 बजे अशफाक द्वारा सूचना दी गई कि शाहजी मोटर वर्कशॉप में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट 23:31 बजे रवाना हुई और महज कुछ ही मिनटों में 23:34 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंची फायर यूनिट ने देखा कि वर्कशॉप में आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। फायर सर्विस यूनिट ने पंपिंग कर तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू किया। पानी खत्म होने पर टीम ने लगातार पानी भरकर आग पर काबू पाने का अभियान जारी रखा।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाकर शांत किया। अग्निशमन कार्य के दौरान एफएसडी पुष्पेंद्र सिंह की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई।
समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।