भूसा आदेश पर बड़ा एक्शन BEO हटाए गए “शिक्षा छोड़ भूसा जुटाओ ?”  वायरल आदेश पर मचा बवाल , विभाग हरकत में

बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में विद्यालयों से गोवंश के लिए भूसा एकत्र कराने संबंधी विवादित आदेश जारी होने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर पत्र वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सत्यदेव को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनीता ने उनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
बीएसए ने साफ कहा है कि भविष्य में जिले का कोई भी अधिकारी पत्राचार करते समय विभागीय नियमों, मर्यादित भाषा और वैधानिक प्रक्रिया का पूरा पालन करेगा। पूरे जिले के खंड शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
दरअसल विद्यालयों से गोवंशीय निराश्रित पशुओं के लिए भूसा एकत्र करने संबंधी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद शिक्षक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई। शिक्षकों का कहना था कि उनका मूल दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है, न कि इस प्रकार के कार्यों में लगाया जाना। मामला तूल पकड़ते ही विभाग ने विवादित आदेश वापस लेते हुए उसकी समीक्षा शुरू कर दी।
बीएसए विनीता ने कहा कि भूसा दान पूरी तरह स्वेच्छा आधारित था और किसी पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया था। सरकार की मंशा निराश्रित गोवंशीय पशुओं के संरक्षण और जनकल्याण की भावना से लोगों से सहयोग लेने की थी।
हालांकि विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद शिक्षक संगठनों ने इसे सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे यह संदेश गया है कि शिक्षकों से जुड़े मामलों में विभाग शिकायतों को गंभीरता से सुन रहा है और जिम्मेदारी तय करने में पीछे नहीं हट रहा।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks