
बरेली । फरीदपुर रोड स्थित श्री विष्णु इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को मदर्स डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंध समिति, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस खास मौके पर प्री-नर्सरी से अपर केजी तक के विद्यार्थियों की लगभग 80 माताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भावुक और यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने मां के सम्मान में सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं और मधुर गीत गाकर सभी का दिल जीत लिया। वहीं कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मदर्स डे सेलिब्रेशन को और भी खास बनाने के लिए स्कूल द्वारा माताओं के लिए कई मनोरंजक गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें सभी माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेता माताओं को स्कूल प्रशासन की ओर से आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

स्कूल के प्रबंधक प्रेम शंकर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की क्रिएटिविटी और प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं सेक्रेटरी सुधीर अग्रवाल ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के प्रिंसिपल इं. धीरज अग्रवाल ने सभी अतिथियों और माताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि स्कूल को CBSE से हाईस्कूल तक की मान्यता प्राप्त है।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 4 की क्लास टीचर वनहर जवि ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रीति यादव, अनुरक्ति, पूजा, संध्या, अनम, नीरज कुमारी, ज्योति, इरम, रानी, मनु, पीयूष, शिवम सहित समस्त शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।