
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान के तहत शनिवार को जनपद बरेली में अर्बन हाट स्थित ऑडिटोरियम में प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से किए गए अभियान के शुभारंभ के सजीव प्रसारण के साथ हुई, जिसे बरेली में उपस्थित सभी अतिथियों ने देखा और सुना।
इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही प्रांतीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हर्रूगला विद्यालय के छात्र हर्षित को उनके अभिनव साइंस प्रोजेक्ट के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी वैन एवं जागरूकता रैली को जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम एवं विधायक नवाबगंज एमपी आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
