
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होने वाली जनसुनवाई की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निगरानी की जाती है। 10 मार्च को समीक्षा के दौरान थाना विशारतगंज के थानाध्यक्ष उ0नि0 सतीश कुमार स्वयं उपस्थित न होकर अपने स्थान पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक को बैठाए हुए पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना अनुमति थाना क्षेत्र से बाहर मौजूद थे।
इसके अलावा जनसुनवाई के दौरान आवेदकों की समस्याओं के निस्तारण में भी लापरवाही बरतने की बात सामने आई। शासन की प्राथमिकताओं के तहत चल रही इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अपेक्षित गंभीरता न बरतने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उ0नि0 सतीश कुमार को 10 मार्च को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।