
बरेली । थाना विशारतगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिलने पर कि एक महिला अफीम लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर एसएचओ पुलिस टीम के साथ विशारतगंज-अलीगंज मार्ग पर अमरूद की बगिया के पास चेकिंग के दौरान भगवानदेई पत्नी अंगनलाल, निवासी ग्राम मिलक बहादुरगंज को गिरफ्तार किया
तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 345 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में थाना विशारतगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ पंजाब में सब्जी का ठेला लगाती है और फल-सब्जियों की आड़ में अफीम ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सतीश कुमार, उपनिरीक्षक नवनीत सिंह, महिला उपनिरीक्षक शालू तोमर, कांस्टेबल राजवीर सिंह और महिला कांस्टेबल अंजलि की अहम भूमिका रही।