
विभिन्न दलों को छोड़ फॉरवर्ड ब्लॉक में शामिल हुए लोग। ब्रांच गठित कर लिया जनसंघर्ष का संकल्प।
आज सदर प्रखंड के डमरगुरहा ग्राम में पूर्व जिप सदस्य सह फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव के समक्ष बड़ी तादाद में लोगों ने विभिन्न दलों का साथ छोड़ ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक का दामन थामते हुए पार्टी की एक स्थानीय ब्रांच और किसान सभा की कमिटी गठित की। साथ ही अपने हक-अधिकारों को लेकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इसके पूर्व हुई आम बैठक में स्थानीय ग्राम वासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा गांव-पंचायत की समस्याओं से लेकर राज्य और देश की मौजूदा स्थितियों तथा सरकार की नीतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने अपने ज्वलंत सवालों को लेकर उनका वोट लेने वालों के प्रति आक्रोश भी व्यक्त किया।
वहीं, लोगों की बातों को सुनने के बाद श्री यादव ने कहा कि, गांडेय क्षेत्र की जनता के साथ विकास के नाम पर आज तक धोखा ही हुआ है। यहां जनता के मूलभूत सवालों की हमेशा उपेक्षा की गई है। जाति-कौम और धनबल के बूते व्यापक गरीब मजदूर-किसान-मेहनतकशों का वोट लेकर बाद में उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि, डमरगुरहा जाने के लिए सड़क काफी जर्जर है, यहां के स्कूल में शिक्षकों का अभाव है, लोगों को दूसरे गांव जाकर राशन लाना पड़ता है, सरकारी चिकित्सा की कोई व्यवस्था इनके गांव/ पंचायत में उपलब्ध नहीं है, किसानों के लिए खेती और अनाज की सही कीमत मिलना सहज नहीं, तो मजदूरों को काम के लिए पलायन करना पड़ रहा है। ब्लॉक, अंचल व थाने में इनके साथ व्यवहार अपेक्षित नहीं। जनता के काम आसानी से नहीं होते। लोगों को इन सवालों पर एकजुट होना होगा। उन्होंने ऑल इंडिया अग्रगामी किसान सभा तथा फॉरवर्ड ब्लॉक के साथ जुड़कर अपने तमाम सवालों तथा हक-अधिकार की लड़ाई शुरू करने की अपील लोगों से की।
श्री यादव की अपील पर गांव में पार्टी ब्रांच तथा किसान सभा की कमिटी गठित की गई। संगठन में शामिल होने तथा बैठक में मौजूद लोगों में मुख्य रूप से बहादुर यादव, सुनील कुमार राणा, किशोर यादव, रामदेव यादव, जगदीश यादव, मुकेश यादव, महावीर महतो, मुंशी यादव, रामू यादव, इंदिरा देवी, मोसेमत ललिता, सुनीता देवी, सबिता कुमारी, बिंदवा देवी, पुष्पा देवी, संजू देवी, रामचंद्र राणा, नारायण राणा, बासदेव राणा, बलदेव यादव, बैजनाथ भोगता सहित अन्य मौजूद थे।