चिन्नास्वामी भगदड़ में 11 मरे, 33 लोग घायल हैं; कर्नाटक CM सिद्धारमैया

News Live: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत का जश्न बुधवार को भयानक हादसे में बदल गया. बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और 33 लोग घायल हुए हैं. उनके साथ डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार और गृह मंत्री जी. परमेश्वर भी मौजूद रहे. सिद्धारमैया ने कहा, ‘यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी. सरकार इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करती है.’ घटना के वक्त हजारों प्रशंसक जश्न में शामिल होने स्टेडियम की ओर बढ़ रहे थे. बॉरिंग और वैदेही अस्पतालों में कई शव रखे गए हैं. कुछ गंभीर घायलों का इलाज आईसीयू में जारी है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने अस्पताल जाकर स्थिति का जायजा लिया. हालांकि शिवकुमार ने कहा, ‘यह युवा और जोश से भरी भीड़ थी, हम लाठीचार्ज नहीं कर सकते थे.’

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस की लापरवाही और भीड़ के दबाव ने हादसे को जन्म दिया. सड़कें जाम थीं, जिससे एंबुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच सकीं. एक युवक स्टेडियम की दीवार पर चढ़ते वक्त गिरा और उसका पैर टूट गया. घटना को लेकर भाजपा ने सरकार को घेरा है. सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, ‘सरकार सिर्फ श्रेय लेने में लगी थी, मैदान पर कोई व्यवस्था नहीं थी.’

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और बीजेपी अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की है. राज्य सरकार ने पहले ही सुरक्षा कारणों से विजय परेड रद्द की थी, लेकिन इसके बावजूद भीड़ नियंत्रित नहीं की जा सकी. पुलिस को विधान सौधा परिसर में भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

June 4, 2025
20:06 IST
Chinnaswamy Stadium Stampede LIVE: सीएम ने की 11 मौतों की पुष्टि
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु में हुई भगदड़ के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर भी मौजूद हैं. सीएम सिद्धारमैया ने कहा, ‘भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए’. भगदड़ की घटना पर कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा, ‘यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी. सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है.’

June 4, 2025
19:49 IST
Bengaluru Stampede LIVE: PM मोदी ने जताया शोक
बेंगलुरू में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

June 4, 2025
19:02 IST
Chinnaswamy Stadium Stampede Live: बीजेपी ने कांग्रेस सरकार को घेरा
बेंगलुरु में RCB की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में घायल लोगों का हाल जानने कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र बोवरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे. उन्होंने कहा, ‘इस दर्दनाक हादसे में 11 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है. मुख्यमंत्री को चाहिए कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए.’

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना किसी तैयारी के केवल प्रचार के लिए विजय जुलूस निकाला और इसी लापरवाही के कारण यह त्रासदी घटी. उन्होंने कहा, ‘कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस इंतजाम नहीं था. कुछ पीड़ित ICU में हैं. मैंने खुद घायलों से बात की है.’

इस घटना को लेकर बीजेपी एमएलसी और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चलवाड़ी नारायणस्वामी ने भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा, ‘सरकार को यह अंदाजा ही नहीं था कि कितनी भीड़ जुटेगी. ये पूरी तरह से सुरक्षा में चूक का मामला है और सरकार इसकी जिम्मेदार है.’

June 4, 2025
18:50 IST
Bengaluru Stampede LIVE: केंद्रीय मंत्री पह्लाद जोशी का ट्वीट
चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने X पर लिखा कि यह ‘खराब प्लानिंग और मैनेजमेंट’ का नतीजा है. कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए जोशी ने कहा कि ‘यह घटना साफ तौर पर राज्य सरकार की लापरवाही और भीड़ प्रबंधन की विफलता को दिखाती है. बिना आपात सेवाओं की तैयारी और उचित योजना के जश्न का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण था. यह हादसा रोका जा सकता था. सरकार जिम्मेदार है और जवाबदेही तय होनी चाहिए.’

June 4, 2025
18:48 IST
Chinnaswamy Stadium Stampede Live : RCB ने नहीं सोचा कि इतनी भीड़ उमड़ पड़ेगी… राजीव शुक्ला का बयान
BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ को ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ करार दिया. News18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में शुक्ला ने कहा कि यह ‘चिंता की बात है, हमारे लिए बहुत बड़ा सबक है.’ BCCI VP के अनुसार, ‘ये BCCI का नहीं RCB फ्रेंचाइजी का कार्यक्रम था लेकिन उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि इतनी भीड़ उमड़ पड़ेगी. उन्होंने सोचा होगा वानखेडे की तरह अंदर कार्यक्रम होगा स्टेडियम के, लेकिन भीड़ बहुत आ गई.’

शुक्ला ने कहा कि वे कर्नाटक सरकार और फ्रेंचाइजी से घटना की जानकारी ले रहे हैं. भविष्य में ऐसे जश्न के लिए BCCI की तरफ से आगे बहुत कड़े प्रिकॉशन लेंगे पड़ेंगे.

June 4, 2025
18:37 IST
Chinnaswamy Stadium News LIVE: DK शिवकुमार का अजीब बयान
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने कहा कि ‘भीड़ में युवा और जोश से भरे लोग थे, इसलिए लाठीचार्ज नहीं कर सकते थे.’ RCB जश्न में मौत की खबरों पर उन्होंने कहा, ‘अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, जैसे ही मिलेगी, सूचित किया जाएगा.’ (PTI)

Chinnaswamy Stadium Stampede LIVE: चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हालात बेकाबू
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी फैंस की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्नाटक पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. एक फैन ने बताया, ‘अंदर सारी सीटें फुल हैं, इसलिए हमें अंदर नहीं जाने दे रहे. हम वापस जाना चाहते हैं, लेकिन लौटने भी नहीं दे रहे. गेट्स पर भी भीड़ है, अगर खोल भी दें तो लोग अंदर घुस जाएंगे. कई लोग घायल भी हो चुके हैं.’ हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है.

Chinnaswamy Stadium Stampede Live: मातम के बीच RCB का सम्मान!
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने विधान सौधा में IPL2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम को सम्मानित किया. शिवकुमार ने IPL2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर(RCB) टीम के बारे में कहा, ‘पूरा कर्नाटक बहुत खुश है. 18 साल के लंबे इंतजार के बाद RCB को सफलता मिली है. मैं विराट कोहली को बधाई देता हूं. वे RCB के साथ चट्टान के साथ खड़े रहे… मैं उम्मीद करता हूं कि ये शुरुआत हो और आने वाले सालों में RCB फिर से IPL ट्रॉफी जीते.’

Bengaluru Stampede LIVE: 2 लाख की उम्मीद थी, पहुंच गए 6 लाख लोग, RCB विक्ट्री परेड में कहां हुई गलती?
RCB की ऐतिहासिक जीत का जश्न बेंगलुरु में भगदड़ में बदल गया, जिसमें 7 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा घायल हुए. प्रशासन ने 2 लाख की भीड़ का अनुमान लगाया था, लेकिन 6 लाख लोग जुट गए. स्थिति ऐसी हो गई कि 32000 की क्षमता वाले स्टेडियम में करीब 1 लाख लोग किसी भी तरह घुस गए. पढ़ें पूरी खबर

June 4, 2025

Chinnaswamy Stadium Stampede LIVE News: चिन्नास्वामी में भगदड़ पर क्या बोले DK?
बेंगलुरु: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, ‘हमें आरसीबी और कर्नाटक पर बहुत गर्व है. 18 साल, एक लंबा संघर्ष. कोहली की वफादारी ने रॉयल्टी का भुगतान किया है… मुझे लगता है कि यह एक नियंत्रित भीड़ नहीं है. मैं बेंगलुरु और कर्नाटक के सभी लोगों से माफी मांगता हूं, हम एक जुलूस निकालना चाहते थे, लेकिन भीड़ बेकाबू थी.’

June 4, 2025

Chinnaswamy Stadium News Live: भगदड़ से ठीक पहले के विजुअल्स
आईपीएल 2025 जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विजयी झलक पाने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गर्मी, भीड़भाड़ और धक्का-मुक्की के बीच एक बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे प्राथमिक इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया. RCB की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने पहुंचे हजारों फैंस की भीड़ ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी. इस घटना ने आयोजकों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

: कार पर चढ़ गए थे RCB के फैंस
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों द्वारा कार पर चढ़ने के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई. बड़ी संख्या में Royal Challengers Bengaluru के प्रशंसक अपनी चैंपियन टीम की एक झलक पाने के लिए यहां आए हैं. कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आज यहां सभी आरसीबी खिलाड़ियों के लिए एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है.

चिन्नास्वामी भगदड़ में 11 मरे, 33 लोग घायल हैं; कर्नाटक CM सिद्धारमैया

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks