
बरेली। रविवार की रात बारादरी और इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दो मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी है। बारादरी पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपी हजियापुर निवासी आरिश को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है। उसके साथी हजियापुर निवासी परवेज उर्फ बाबूजी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जगतपुर चौकी प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि भरतौल रोड पर गोदाम के पास मुठभेड़ के बाद दोनों की निशानदेही पर छह बाइक बरामद की गईं। दोनों आरोपी वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरिश के खिलाफ आठ और परवेज के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं।
इज्जतनगर क्षेत्र में दो बदमाश गिरफ्तार
इज्जतनगर थाना पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इज्जतनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि रात में वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी से जा रहे दो युवक को टोका तो वह सहारा ग्राउंड की ओर भागे। वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। इनमें प्रेमनगर के कोहाड़ापीर निवासी गनी खान व फरमान घायल हो गए। दोनों ही अभ्यस्त लुटेरे हैं। इन दोनों ने बीते दिनों रिटायर्ड सैन्यकर्मी की पत्नी से मंगलसूत्र छीन लिया था।