सुखदेव, गरम धरम मशहूर ढाबे पर कोरोना का कहर! 81 कर्मचारी संक्रमित, दोनों ढाबे सील

**अमरिक सुखदेव ढाबे के कम से कम 81 कर्मी और बॉलीवुड अभिनेता धर्मेद्र के मालिकाना हक वाले गरम धरम में 10 कर्मी कोविड-19 की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।
दिल्ली से सटे दो मशहूर ढाबों को यहां के कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद सील कर दिया गया है। ये ढाबे दिल्ली-चंडीगढ़ हाइवे पर स्थित हैं और अपने खानपान के लिए काफी लोकप्रिय भी हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को इन्हें सील कर दिए जाने की सूचना दी।
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने कहा, अमरिक सुखदेव ढाबे के कम से कम 81 कर्मी और बॉलीवुड अभिनेता धर्मेद्र के मालिकाना हक वाले गरम धरम में 10 कर्मी कोविड-19 की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।
ये दोनों ही प्रसिद्ध ढाबे मुरथल में स्थित हैं, जो दिल्ली से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित हैं और इनकी लोकप्रियता के चलते यहां दूर-दूर से आने वाले लोगों की भीड़ हमेशा जमा रहती है। स्वास्थ्य कर्मियों ने सुखदेव ढाबे में काम करने वाले 300 कर्मियों के नमूने एकत्रित किए थे। पूनिया ने कहा कि हाइवे पर स्थित इन ढाबों में एक विशेष अभियान का संचालन किया गया था।
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्राल की ओर से जारी आकंड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंट में फिर 80 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। 24 घंटे में 83,341 नए केस सामने आए हैं और 1,096 लोगों की मौत हो गई है।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 39 लाख के पार पहुंच गई है। देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 39,36,748 हो गई है। इसमें 8,31,124 सक्रिय मामले हैं। वहीं, 30,37,152 लोगों को अब तक इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। देश में कोरोना की चपेट में आकर अब तक 68,472 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।