*जनसेवा केंद्रों पर इलाज के बारे में विभाग को बताया, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,मेडिकल स्टोर, जनसेवा केंद्र, खाद की दुकानों पर मरीजों को उपचार दिए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित विभागों को पत्र भेजकर सूचना दी है। साथ ही पत्र में संबंधित विभागों से अनाधिकृत रूप से मरीजों का उपचार कर रहे लोगों पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक अवागढ़ क्षेत्र के गांव जरानीकलां में अपंजीकृत क्लीनिक संचालकों के यहां कार्रवाई की गई। इस दौरान मेडिकल स्टोर, जनसेवा केंद्र, खाद-बीज की दुकान पर मरीजों का उपचार होते पाया गया। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधितों को नोटिस देकर जवाब मांगा है। स्वास्थ्य विभाग के पास इससे अधिक कार्रवाई करने के अधिकार नहीं है। स्वास्थ्य विभाग से जिला प्रशासन, औषधि प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर अनाधिकृत रूप से उपचार देने के बारे में बताया गया है। साथ ही संबंधितों पर कार्रवाई कर इस कृत्य को बंद कराने का अनुरोध किया है। जनपद में दर्जनों मेडिकल स्टोर पर मरीजों को उपचार देने का कार्य किया जा रहा है। इसे रोकने का जिम्मा औषधि प्रशासन विभाग का है। इसी प्रकार आयुर्वेद विभाग को चिकित्सकों पर एलोपैथी पद्धति से उपचार करने की सूचना भेजी गई है।
मेडिकल स्टोर व जनसेवा केंद्र सहित अन्य स्थानों पर अपंजीकृत क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। इस बारे में संबंधित विभागों को पत्र लिखकर जानकारी दी गई है। ताकि संबंधितों को कार्रवाई कर अनाधिकृत कार्य करने से रोका जा सके।
डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमओ
जिन मेडिकल स्टोरों पर अवैध काम हो रहे हैं और जानकारी मिल रही है, उन सभी पर कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई संचालक इलाज करते मिला तो उस पर विभागीय कार्रवाई करेंगे।
सुनील कुमार, ड्रग इस्पेक्टर