
मथुरा में साधु वेशधारी ने छह साल के बच्चे को पटककर मार डाला
थाना गोवर्धन के अंतर्गत राधाकुंड स्थित गोपाल घाट के समीप शनिवार शाम साधु वेशधारी सिरफिरे ने सड़क किनारे खेल रहे बालक को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। लोगों ने उसे दबोचकर धुन दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे लोगों से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी भिंड का रहने वाला बताया गया है।
शनिवार शाम करीब चार बजे कुम्हारान मोहल्ला, राधाकुंड निवासी हरपाल का बेटा अंकित (6) परिक्रमा मार्ग में खेल रहा था। तभी वहां पहुंचे सिरफिरे साधु वेशधारी ओम प्रकाश ने बालक को उठा लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते उससे पहले उसने बच्चे के पैर पकड़कर जमीन पर दे मारा। जब तक लोग उस तक पहुंचे उसने एक-दो बार बालक को और जमीन पर पटक दिया। बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से लोगों को दिल दहल उठे। गुस्साए लोगों ने आरोपी की लाठी-डंडों से जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद लोगों के चंगुल से आरोपी को छुड़ाया। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बालक के शव को राधाकुंड परिक्रमा मार्ग गोपाल घाट के निकट रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने बालक के परिजनों की आर्थिक मदद की मांग की। सूचना पर एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन, एसडीएम गोवर्धन दीपिका मेहर मौके पर पहुंच गए। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर लोग ने जाम खोला। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घटना क्यों की, उसके होश में आने के बाद पता चलेगा।