
तिरंगा यात्रा में चंदन हत्याकांड का आरोपी भी हुआशामिल
कासगंज। शहर में भाजपा युवा मोर्चा की तिरंगा यात्रा में चंदन हत्याकांड का आरोपी आसिफ नाम का युवक भी शामिल हो गया। चंदन के भाई विवेक गुप्ता ने जब यात्रा में शामिल आरोपी का फोटो सोशल नेटवर्क पर डाला तो लोगों का ध्यान इस ओर गया। भाजपा के पदाधिकारियों ने हत्याकांड के किसी भी आरोपी के यात्रा में शामिल होने की जानकारी से इनकार किया है।
चंदन गुप्ता के भाई विवेक ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में चंदन हत्याकांड का एक आरोपी भी शामिल रहा। आरोपी यात्रा में किसके बुलावे पर पहुंचा इसकी जानकारी उसे नहीं हैं। विवेक ने बताया कि वह 26 जनवरी 2018 में हुई चंदन की हत्या के बाद से तिरंगा यात्रा निकालने की अनुमति मांगते रहे हैं। उसके बाद भी प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी। उन्हें नजरबंद कर दिया जाता है। स्वतंत्रता दिवस के दिन निकाली गई तिरंगा यात्रा में चंदन हत्याकांड का आरोपी होने से उन्हें ठेस लगी है। उसे व उसके परिवार को जान का खतरा है। आरोपियों को अभी तक सजा नहीं हुई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा यात्रा में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। किसी भी आरोपी को यात्रा में नहीं बुलाया गया। तिरंगा यात्रा में आरोपी पहुंचा इसकी भी जानकारी नहीं हैं। यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई है।