कार्रवाई बलिया से पांच कुख्यात नक्सली दबोचे
स्वतंत्रता दिवस के दिन बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र स्थित बसंतपुर गांव से पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया। वे सभी एक झोपड़ी में संगठन की गोपनीय बैठक कर रहे थे। उनके कब्जे से काफी मात्रा में नक्सल साहित्य, पर्चे, हस्तलिखित संदेश, एक लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, एक नाइन एमएम पिस्टल तथा कारतूस बरामद हुआ है।

पूछताछ में कई नक्सलियों के नाम सामने आए स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में नक्सल प्रशिक्षण प्राप्त महिला नक्सली तारा देवी उर्फ मंजू उर्फ मनीषा भी शामिल है। इसके अलावा लल्लू राम उर्फ अरुन राम, सत्य प्रकाश वर्मा, राम मूरत तथा विनोद साहनी को भी गिरफ्तार किया गया। सभी पांचों नक्सली बलिया के ही रहने वाले हैं। वे प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) नक्सली संगठन से जुड़े हैं। वे मुखौटा संगठनों के माध्यम से गोपनीय रूप से पूर्वांचल में संगठन का विस्तार एवं नक्सली गतिविधियों को बढ़ाने के लिए बैठक कर रहे थे। इनमें से कई का लंबा आपराधिक इतिहास है। उनके विरुद्ध एटीएस के लखनऊ थाने में आईपीसी की धारा 121 ए व 122, विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1967 की धारा 13, 18, 19, 20, 38, 39 व 40 तथा शस्त्रत्त् अधिनियम की धारा 3/25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।