
जलेसर डिपो के लिए सवा दो करोड़, जल्द होगा काम
एटा- सोमवार को शासन ने जलेसर रोडवेज बस डिपो कार्यशाला के निर्माण के लिए 2.25 करोड़ रुपये की तीसरी किस्त जारी कर दी है, जिससे रोडवेज बस डिपो का रुका पड़ा निर्माण कार्य अब जल्द शुरू हो जाएगा।
सोमवार को क्षेत्रीय विधायक संजीव दिवाकर ने बताया कि शासन ने जलेसर बस डिपो कार्यशाला निर्माण के लिए तीसरी किस्त के रुप में 225 लाख रुपये मंजूर किए हैं। डिपो निर्माण के लिए शासन से अब तक कुल 70 लाख की धनराशि दी जा चुकी है, जिससे कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य कर चुकी है। आपको बता दे कि जलेसर रोडवेज बस डिपो अलीगढ़ परिक्षेत्र का आठवां बस डिपो होगा। वर्तमान में अलीगढ़ परिक्षेत्र में अलीगढ़, बुद्धविहार, अतरौली, एटा, कासगंज, हाथरस एवं नरौरा डिपो शामिल हैं। जलेसर डिपो बनने के बाद यहां से समूचे प्रदेश के लिए रोडवेज बसों का संचालन होगा, जिससे घुंघरू घन्टी उद्योग नगरी को विकास के नए पंख लगेंगे। यातायात के क्षेत्र में व्यवसायियों तथा उद्यमियों को एक बड़ी समस्या से भी निजात मिल सकेगी।