
प्रधानमंत्री आवास योजना में रोजाना मिल रहे हैं अपात्र, हो रही जांच
एटा, । प्रधानमंत्री आवास योजना में गोलमाल रोजाना मिल रहे है। जांच कराने पर कहीं ना कहीं अपात्र मिल ही जाते हैं। ऐसे में अब पूरे जिले के प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच कराई जा रही है। इसके लिए अधिकारियों की टीमें लगाई गई हैं। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। अब तक 50 से अधिक अपात्र मिल चुके हैं।
गुरुवार को सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी एवं पीडी निर्मला कुमार द्विवेदी संयुक्त रूप से बताया कि पीएम आवास योजना का लाभ केवल पात्रों को मिले इसके लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों एवं सूचियों की बारीकी से जांच कराई जा रही है। सूचियों की जांच में डीपीआरओ सहित अन्य अधिकारियों को लगाया गया है। अधिकारी ग्राम पंचायतों में पहुंच कर लाभार्थियों का सत्यापन कर रहे है। फर्जी लाभार्थियों का नाम सूची से डिलीट कराया जा रहा है।
इसके साथ ही दोषी पाए जाने वाले अपात्र लाभार्थियों, ग्राम प्रधान एवं सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की महत्वर्ण योजना में पारदर्शिता लाने के लिए यह कार्य कराया जा रहा है।
फर्जी आवास मामले में सचिव निलंबित, प्रधान को नोटिस गुरुवार को सीडीओ ने बताया कि पीएम आवास योजना का अपात्रों को लाभ दिलाए जाने के संबंध में सकीट ब्लॉक की ग्राम पंचायत इशारा पूर्वी के सचिव बलराम सिंह यादव को निलंबित किया गया है। इसके साथ ग्राम प्रधान मनीषा यादव को नोटिस भेज स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव से पूर्व बनाई गई पीएम आवास योजना की लिस्ट में ग्राम प्रधानों और सचिवों ने मनमाने ढंग से अपात्रों के नाम को सूची में शामिल कराए थे। जो कि अब सामने निकल कर आ रहे है। पीएम आवास योजना में 45 अपात्र योजना का लाभ ले चुके है। जिनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
प्रधानों ने विकास भवन और सकीट ब्लॉक कार्यालय पर किया हंगामा
पीएम आवास योजना में मिलने वाले अपात्रों के संबंध में ग्राम प्रधानों पर प्रशासनिक कार्रवाई होने के कारण गुरुवार को क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने सकीट स्थित ब्लॉक कार्यालय पर जमकर हंगामा काटा। वही बीडीओ कार्यालय में ताला लगाने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले का संभाला। इसके बाद प्रधानों ने विकास भवन पर पहुंच हंगामा किया। प्रशासन द्वारा हो रही कार्रवाई का विरोध किया।
सेनाकलां की भी हुई शिकायत
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल को सकीट ब्लॉक क्षेत्र के गांव सेनाकलां की भी शिकायत दी गई है। आरोप है कि जो आवास दिए हैं उसमें अधिकांश अपात्र है। इनकी भी गंभीरता से जांच कराई जानी चाहिए। सकीट ब्लॉक क्षेत्र में अब तक जो अपात्र मिले है उसमें एक गांव में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। नगला हरिकिशनपुर में पैसा वापस कराया जा रहा है। जिन लोगों ने अपात्रों को आवास स्वीकृत कर दिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।