
176 निवेशकों का 15828.79 करोड़ का निवेश
एटा, संवाददाता। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के साथ एटा में भी प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण देखा गया। एटा में निवेश करने वाले लोगों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। 12 विभागों के तहत 176 निवेशकों की ओर से 15828.79 करोड़ रुपये का व्यय हुआ है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाई गई प्रदर्शनी को देखा।
आईटीआई परिसर में हुए कार्यक्रम में ओडीओपी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। निवेश कुंभ के दौरान उपस्थित निवेशकों, उद्यमियों, औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों को निवेश मित्र एवं निवेश सारथी पोर्टल के संबंध में जानकारी प्रदान करने के साथ यूपी निर्यात प्रोत्साहन नीति 2020-25, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति आदि के संबंध में भी जानकारी दी गई। मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सरकार सेवाभाव के साथ कार्य कर रही है। निवेशकों को भाजपा सरकार में सुरक्षा का बेहतर माहौल दिया जा रहा है। देश के नौजवानों, उद्यमियों, व्यापारियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की ओर से बेहतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के समग्र आर्थिक विकास व आत्मनिर्भर भारत के विजन के दृष्टिगत एवं भारत की वर्ष 2027 तक पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में तथा प्रदेश की एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने की लक्ष्यपूर्ति के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आयोजन किया गया। जिला स्तरीय इन्वेस्टर्स समिट में 12 विभागों के तहत 176 निवेशकों की ओर से 15828.79 करोड़ के निवेश प्रस्ताव एमओयू साइन किए गए हैं। जनपद में उद्योग जगत को और अधिका बढ़ावा दिया जाएगा। नए सुझावों पर भी अमल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एटा में इतनी बड़ी संख्या में उद्यमियों की ओर से इन्वेस्ट किया गया है। यह काफी सराहनीय है। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, एसएसपी उदय शंकर सिंह, सीडीओ डा. एके बाजपेयी, जीएमडीआईसी शरद टण्डन, प्रधानाचार्य आईटीआई, धर्मवीर गहलौत, आलोक जैन, नीलू यादव सहित अन्य प्रतिष्ठित उद्यमी, निवेशक, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, निवेश से सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी, मीडिया बंधु, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं आदि मौजूद रहे।