
एटा में भी बनने लगा इत्र, रोज ऑयल का होगा उत्पादन
एटा, संवाददाता। गुलाब की खेती में पहचान रखने वाला एटा अब इत्र भी खुद बनाने लगा है। इसके लिए कारखाना लगाया गया है। इसके अलावा खस का भी इत्र बन रहा है। यूपी समिट में यह काम भी एटा को मिल गया। इसमें करीब बीस लोगों को रोजगार भी मिल गया। इससे पहले गुलाब का पूरा फूल कन्नौज के व्यापारी खरीद कर ले जाते थे।
आगरा रोड निवासी रंजीत यादव उर्फ नीलू ने बताया कि ब्लॉक निधौली कलां क्षेत्र के गांव झिनवार में इत्र आदि बनाने वाला कारखाना लगाया गया है। इसके लिए सात करोड़ रूपये का निवेश किया गया है। निधौली कलां और अवागढ़ क्षेत्र के किसानों को अपना गुलाब बैचने के लिए किसी बाहर के व्यापारी की तलाश करने की जरुरत नहीं है। गुलाब से यहां पर ही इत्र, रोज ऑयल और इससे जुड़े हुए सभी उत्पादन होंगे। इस कारखाना में करीब बीस लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। नीलू यादव ने बताया कि एटा में काफी संख्या में गुलाब की खेती है। गुलाब की फसल खरीदने के लिए बाहर व्यापारी आते हैं। वह मनमाने तरीके से फूल खरीददते थे। क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। यूपी समिट से इस कारोबार को लाभ मिल रहा है। यहीं से इत्र तैयार कर विदेशों को भेजा जाएगा। अभी से इत्र को लेकर डिमांड आ रही है। इसकी पूरी तैयारियां कर ली गई है।