
गला दबाकर की गई थी किशोर की हत्या
एटा, । गला दबाकर और सिर में चोट पहुंचाकर किशोर की हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पता चला है। भाई ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। रंजिश या अन्य कोई विवाद न होने के कारण पुलिस के सामने खुलासा करना एक बड़ी चुनौती है।
बता दें कि बुधवार सुबह गुरुकुल के पास खंडहर में किशोर का शव मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास किए। दोपहर बाद बहनोई कमलेश निवासी शिवसिंहपुर कोतवाली नगर ने शिनाख्त की थी। मृतक की पहचान विवेक पुत्र राजेश निवासी कुंवरपुर रिजोर के रूप में हुई थी। शव का बुधवार की देर रात पोस्टमार्टम हुआ।
गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवेक की हत्या गला दबाकर किया जाना आया। इसके साथ वह किसी तरह से बच न जाए इसलिए सिर में चोट भी पहुंचाई गई थी। गुरुवार को बड़े भाई हवलदार सिंह कोतवाली देहात पहुंचे और मामले में अज्ञात के विरुद्ध छोटे भाई की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली देहात पुलिस का कहना है कि खुलासे को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। घरवालों ने किसी से भी रंजिश से इनकार किया है।