
तीन तलाक के मामले में पति समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज
कासगंज,सहावर थाना क्षेत्र के धनसिंहपुर गांव में विवाहिता के मायके आकर पति समेत अन्य ससुरालियों ने मारपीट की व तीन तलाक देकर चले गए। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालीजनों के विरुद्ध तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।
सहावर थाना में दी तहरीर में धनसिंहपुर के निवासी यासीन की पुत्री सबीना पत्नी फरहान ने बताया है कि उसकी शादी 13 नवंबर 2019 को अलीगढ़ के मुशीर अहमद खां के पुत्र फरहान के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर समेत अन्य ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। इसकी जानकारी उसने अपने पिता यासीन को दी। इसके बाद यासीन के साथ वह अपने मायके चली आई। इसके बाद उसने ससुरालियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के केस के बाद गुस्साए पति फरहान, ससुर मुशीर अहमद, जेठ फैजान, ननंद मुस्कान पीड़िता के घर पहुंचे और गाली गलौज करने के साथ ही तीन बार तलाक बोलकर तीन तलाक दे दिया। इसके बाद पीड़िता ने सहावर थाने में चारों लोगों के विरुद्ध मारपीट व तीन तलाक के मामले में तहरीर दी। सहावर इंस्पेक्टर सिद्धार्थ तोमर ने बताया कि सबीना की तहरीर के आधार पर पति फरहान, ससुर मुशीर अहमद, जेठ फैजान, ननंद मुस्कान के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।