सुनंदा पुष्कर डेथ केस में शशि थरूर को नोटिस, पटियाला हाउस कोर्ट से रिहाई के खिलाफ दिल्ली पुलिस पहुंची HC

कांग्रेस सांसद शशि थरूर को पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में क्लीन चिट मिली थी. इसके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट का रुख किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पटियाला हाउस कोर्ट ने पिछले साल अगस्त में थरूर को बरी कर दिया था. इसी फैसले के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने याचिका दायर की है. साथ ही दिल्ली हाईकोर्ट ने थरूर को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 7 फरवरी 2023 को तय की है.
थरूर पर अपनी पत्नी सुनंदा को मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था. वहीं थरूर के वकील विकास पावा ने हाईकोर्ट से मामले से संबधित रिकॉर्ड किसी से भी साझा नहीं किए जाने का आदेश देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं किया जाना चाहिए. वहीं कोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड किसी भी ऐसे व्यक्ति के साथ साझा नहीं किए जाएंगे, जो मामले से जुड़े हुए नहीं हैं.