*”जिले में अर्बन पीएचसी पर लगेंगे हेल्थ एटीएम, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – रेडक्रास सोसयटी से आने वाले दो हेल्थ एटीएम शहरी क्षेत्र में लगाए जाएंगे। उसकी तैयारी शहरी क्षेत्र के दोनों अर्बन पीएचसी पर कराई जा रही है। इससे शहर में आने वाले रोगी हेल्थ एटीएम से ब्लड संबंधी जांच शुल्क देकर करा सकेंगे। अपंजीकृत पैथोलॉजी पर जांच कराने से भी बच सकेंगे।
सीएमओ डा. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिले में सबसे पहले हेल्थ एटीएम अर्बन पीएचसी मंडी समिति, नगला पोता पर लगाए जाएंगे। शहरी क्षेत्र में हेल्थ एटीएम लगने से लोग अधिक लाभ ले सकेंगे। रेडक्रास सोसायटी से आने वाले दो हेल्थ एटीएम अर्बन पीएचसी पर लगाने की तैयारी कराई जा रही है। आने के बाद तत्काल स्थापित कराया जाएगा। हेल्थ एटीएम से लोग ब्लड संबंधी कई जांच निर्धारित शुल्क देकर करा सकेंगे।
सीएमओ ने बताया कि हेल्थ एटीएम की शुरुआत होने पर लोग जनपदभर में संचालित हो रही अपंजीकृत पैथोलॉजी पर जांच कराने से भी बच सकेंगे। इसके लिए जिले में छह हेल्थ एटीएम लगाने की शासन की योजना है। शहरी क्षेत्र के अर्बन पीएचसी पर सबसे पहले हेल्थ एटीएम शुरू कराए जाएंगे। इसके अलावा आने वाले अन्य चार हेल्थ एटीएम अलीगंज, जलेसर, मारहरा, सकीट क्षेत्र में लगाने की योजना है। ताकि जनपद के लोग इससे जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ ले सकें।