योगी सरकार का दीपावली पर तोहफा , बरेली के 4.16 लाख परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर

बरेली। दीपावली के अवसर पर प्रदेश के गरीब परिवारों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के वादे पर अमल शुरू कर दिया है। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में ₹642 की सब्सिडी सीधे भेजी जा रही है। मंगलवार को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के 1.86 करोड़ परिवारों के खातों में कुल ₹1,500 करोड़ की सब्सिडी सीधे ट्रांसफर कर इस कल्याणकारी योजना का भव्य शुभारंभ किया।
जनपद बरेली में इस योजना से 4,16,980 उज्ज्वला लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत नवंबर माह में सिलेंडर रिफिल बुक कराने वाले सभी पात्र परिवारों के बैंक खातों में ₹642 प्रति परिवार की राशि सीधे डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजी जाएगी। प्रदेश सरकार ने इस पूरे अभियान के लिए ₹1500 करोड़ का बजट आवंटित किया है।


विकास भवन में गूंजी तालियां, बांटे गए चेक
राज्य स्तरीय शुभारंभ के क्रम में जनपद स्तर पर विकास भवन सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधान परिषद सदस्य ठाकुर महाराज सिंह व बहोरन लाल मौर्य, मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्या और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक सौंपे।
इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह, खाद्य विभाग बरेली मंडल के उपायुक्त मदन यादव, जिला पूर्ति अधिकारी तथा तेल कंपनियों (ऑयल मार्केटिंग कंपनीज) के सेल्स ऑफिसर्स प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बिचौलियों की छुट्टी, सीधे खाते में मदद
सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की मंशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बिचौलिए के शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने की है। अधिकारियों ने लाभार्थियों से अपील की कि वे नवंबर माह में अपने सिलेंडर की रिफिलिंग अवश्य कराएं, जिससे ₹642 की निर्धारित सब्सिडी सीधे उनके आधार-लिंक्ड बैंक खाते में समय पर पहुंच सके।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks