
मतपत्रों की गिनती करनी होगी पूरी नहीं तो रोक दी जाएगी मतगणना – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – प्रशासन ने मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू करा दिया है। मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग से निर्धारित किए गए नियमों का पालन किया जाएगा। विधानसभा वार बने पंडालों में ईवीएम व मतपत्रों के वोटों की गिनती एक साथ सुबह आठ बजे शुरू होगी, लेकिन ईवीएम के अंतिम राउंड से पहले हर हाल में मत पत्रों की गिनती करनी होगी। अगर मत पत्रों की गिनती अंतिम राउंड तक पूरी नहीं हो पाती है तो फिर ईवीएम के वोटों की गिनती रोक दी जाएगी। इसके बाद पहले पूरे मत पत्र गिने जाएंगे। फिर ईवीएम का अंतिम राउंड खत्म होगा। इसके साथ ही प्रत्याशी मतगणना से 48 घंटे पहले मतगणना हाल में मौजूद रहने वाले एजेंट की सूची निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपलब्ध कराएंगे।जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3134 बूथ हैं। 10 फरवरी को इन सभी बूथों पर मतदान संपन्न हो चुका हैं। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर इस बार कुल 27.65 लाख मतदाताओं में से 17.19 लाख ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। इनमें 9.21 लाख पुरुष, 7.97 लाख महिला व 16 अन्य मतदाताओं ने वोट डाले। यह कुल मतदाताओं का 62.17 फीसद था। मतदान के बाद सभी ईवीएम को विधानसभा वार धनीपुर मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है। मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार पंडाल होंगे। सात पंडाल बनेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 टेबल लगेंगी। इस हिसाब से 98 टेबल लगेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक एआरओ की टेबल होगी। सुबह आठ बजे से मतगणना की शुरुआत होगी। मतपत्र व ईवीएम के वोटों की गिनती एक साथ शुरू होगी। एआरओ टेबल पर मत पत्र गिने जाएंगे। वहीं, अन्य टेबल पर ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। ईवीएम के अंतिम राउंड से पहले हर हाल में मत पत्रों की गिनती करनी होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सर्विस मतदाताओं के मत पत्रों को स्कैन भी किया जाएगा। वहीं, बुजुर्ग, दिव्यांग व कार्मिक मतदाताओं की गिनती सीधे ही शामिल हाेगी।